Gorakhpur गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने गोरखपुर में योजना को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मातृशक्ति के लिए विशेष उपहार है। नितिन अग्रवाल ने बताया कि अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत अगले तीन दिनों तक प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को यह सुविधा देकर सरकार ने उन्हें विशेष सम्मान देने का प्रयास किया है।
मंत्री ने कहा कि इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी बड़ी सुविधा शुरू की गई है। 60 साल या उससे अधिक आयु की महिलाएं अब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में पूरे प्रदेश में आजीवन नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें केवल अपना आधार कार्ड या वोटर कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और आसान परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इस योजना से खासतौर पर बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी, जो अक्सर यात्रा के दौरान आर्थिक समस्याओं का सामना करती हैं।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर इस योजना की शुरुआत कर मातृशक्ति को सम्मान देने का काम किया है। सरकार लगातार महिलाओं के हित में कई योजनाएं चला रही है, जिनका उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का नाम देश की महान महिला शासक अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में रखा गया है। अहिल्याबाई होल्कर ने समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
योजना की शुरुआत के मौके पर गोरखपुर पहुंचे आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए सुविधाजनक साबित होगी। उन्होंने कहा कि परिवहन सुविधा मिलने से महिलाएं प्रदेश के किसी भी हिस्से में आसानी से यात्रा कर सकेंगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की यह सुविधा महिलाओं को त्योहार के समय बड़ी राहत देगी। खासकर रक्षाबंधन जैसे पर्व पर जब महिलाएं अपने भाइयों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं, तब यह योजना उनके लिए मददगार साबित होगी। सरकार का कहना है कि योजना के माध्यम से महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में भी महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
Tags: