Delhi दिल्ली: यूक्रेन की राजधानी कीव पर रविवार को रूस ने बड़ा और भीषण हमला किया, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि इस हमले में रूस ने अपनी हाइपरसोनिक ‘ओरेश्निक’ बैलिस्टिक मिसाइल का भी इस्तेमाल किया।
जानकारी के अनुसार, इस हमले में करीब 600 ड्रोन और 90 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें हवा, जमीन और समुद्र से लॉन्च होने वाली मिसाइलें शामिल थीं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम ने बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों को बीच में ही नष्ट कर दिया, लेकिन इसके बावजूद कई हमले राजधानी तक पहुंच गए।
कीव और आसपास के इलाकों में रातभर एयर रेड सायरन बजते रहे और कई जगहों पर जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। सरकारी दफ्तरों, रिहायशी इलाकों और स्कूलों के पास भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। इस हमले में कम से कम 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन का दावा है कि यह युद्ध के दौरान तीसरी बार है जब इस विशेष मिसाइल का इस्तेमाल किया गया है।