महिला ने दो मासूम बेटियों संग खत्म की जिंदगी, पूरे गांव में मातम

पुलिस कर रही जांच.

Update: 2025-04-08 11:08 GMT
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बेलोडीह गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों संग जहर खाकर जान दे दी. यह घटना बेलोडीह वार्ड संख्या चार की है. मृतकों की पहचान राजेश राम की पत्नी चंदन देवी (26) और उसकी दो बेटी रागिनी कुमारी (5) और निधि कुमारी (3) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका के ससुराल वाले काफी गरीब हैं और वे दूसरे के खेतों में मजदूरी करके ही परिवार का भरण पोषण करते हैं.
रविवार को पति-पत्नी किसी दूसरे के खेत में गेहूं काटने के लिए गए थे. खेत में हीं दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद चंदन देवी घर चली गई. यहां आकर उसने पहले अपनी दोनों बेटियों को जहर खिलाया, फिर खुद भी जहर खा लिया. कुछ देर बाद जब पति मजदूरी कर घर आया, तो उसे पूरे मामले की जानकारी मिली.
जिसके बाद वह तुरंत तीनों को ग्रामीण डॉक्टर के पास लेकर पहुंचा. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. मृतका के पिता प्रमोद राम का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह विवाद इतना गंभीर रूप ले सकता है. उनकी बेटी कहती थी सास-ससुर भी अक्सर झगड़ा करते थे.
घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पति को हिरासत में ले लिया है जबकि सास और ननद फरार हैं. मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल अभी मामले को लेकर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है.
Tags:    

Similar News