Rajasthan राजस्थान: सिरोही स्थित रोहिड़ा से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, रोहिड़ा पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रही विदेशी बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रोहिड़ा पुलिस स्टेशन इलाके के पवन होटल से एक संदिग्ध महिला का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में महिला ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया है। इससे पहले महिला ने अपनी पहचान असम निवासी मायसा अख्तर के रूप में बताई थी। वहीं, जेआईसी (संयुक्त खुफिया समिति) की विस्तृत पूछताछ में शूली खातून नाम सामने आया है। महिला ने बांग्लादेश के मनोहरपुर, चुहावगा निवासी होना बताया है।
महिला से जिला विशेष शाखा और संबंधित एजेंसियों ने पूछताछ की। बांग्लादेश प्रत्यावर्तन को लेकर बीएसएफ पश्चिम बंगाल और गृह विभाग से समन्वय बैठा रही है। सिरोही जिले में अब तक 12 बांग्लादेशी महिलाओं के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई हो चुकी है। एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश में टीम को बड़ी सफलता मिली है। इसी के साथ पुलिस का अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे संदिग्ध विदेशी नागरिक की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को सिरोही पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9530431323 के माध्यम से दें। सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह से गोपनीए रखी जाएगी।
सिरोही के शिवगंज से सोमवार को एक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां पूर्व विधायक संयम लोढ़ा से जुड़े कथित हत्या की साजिश मामले में एजीटीएफ (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स) की जांच तेज हो गई है। एजीटीएफ टीम जोधपुर से दो संदिग्ध आरोपियों को लेकर शिवगंज पहुंची है। 18 सितंबर से पहले रेकी किए जाने के मामले में दोनों से मौका तस्दीक कराई जा रही है। एजीटीएफ की ओर से कहां रुके, क्या-क्या खरीदा और किन जगहों पर पहुंचे थे, हर बिंदु की जांच की जा रही है।
अरठवाड़ा स्थित होटल में भी टीम ने मौका तस्दीक कराया है। संयम लोढ़ा के फॉर्म हाउस के आसपास भी जांच टीम पहुंची है। अब शिवगंज शहर की दो मोबाइल दुकानों पर पहुंचकर टीम ने पड़ताल किया है। इसी के साथ टीम पूरे घटनाक्रम से जुड़े स्थानों और गतिविधियों को जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान स्थानीय पुलिस को भी साथ रखा गया। एजीटीएफ की टीम दोनों आरोपियों से घटनाक्रम को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच पड़ताल जारी है।
Tags: