मिर्जापुर: यूपी के मिर्जापुर में कछवां थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में अवैध पिस्टल से चली गोली से युवक की मौत हो गई। गोली युवक के सीने में लगी थी। पिता ने मृत युवक की पत्नी और चचेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय सद्दाम अंसारी पेंटर था। कछवां कस्बा स्थित कांशीराम आवास में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। सद्दाम ने कुछ दिनों पूर्व अपने चचेरे भाई जौनपुर के लखनीपुर गांव निवासी अरबाज को साथ में काम करने के लिए बुलाया। अरबाज अपने साथ एक अवैध पिस्टल भी लेकर आया था।
रात दोनों साथ में बैठे हुए थे। उसी दौरान संदिग्ध हाल में अवैध पिस्टल से चली गोली सद्दाम के सीने में जा लगी। पत्नी सविता और चचेरा भाई अरबाज दोनों शोर मचाने लगे कि सद्दाम को करंट लग गया। ग्रामीणों ने उसे कछवां क्रिश्चियन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने सद्दाम को मृत घोषित कर दिया।
कहीं आशनाई में तो नहीं सद्दाम की हत्या हुई? पुलिस आशनाई समेत अन्य एंगल की भी जांच कर रही है। मृतक के पिता ने भी बहू और चचेरे भाई पर हत्या का आरोप भी लगाया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सद्दाम ने अपने चचेरे भाई अरबाज को साथ में काम करने के लिए बुलाया था, अरबाज उसके साथ काम करने के लिए आया, लेकिन साथ में अवैध पिस्टल भी लेकर आया था। ऐसे में कहीं पहले से ही हत्या की प्लानिंग तो नहीं की गई थी, वहीं पिता ने अरबाज के साथ-साथ बहू पर भी साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस इन सभी एंगल की गहनता से जांच कर रही है। मृतक सद्दाम ने 2017 में सविता से प्रेम विवाह किया था। दोनों से तीन बच्चे हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कछवां कस्बा स्थित कांशीराम आवास में कई वर्षों से रह रहा था। यहीं रहकर पेंटर का काम करता था। जिससे अपने परिवार का भरण पोषण करता था। गुरुवार की रात सद्दाम अपने चचेरे भाई अरबाज के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान अरबाज ने पिस्टल निकाल दी।
पुलिस के अनुसार पिस्टल देखने के लिए खींचातानी के दौरान चली गोली सद्दाम के सीने में लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आशनाई समेत अन्य एंगल की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सद्दाम की किस कारणवश हत्या की गई है।
Tags: