अस्पताल के अंदर भी सुरक्षित क्यों नहीं हैं महिलाएं? डॉक्टर को बनाया निशाना, नया मामला सामने आया

शराब पी रखी थी.

Update: 2024-08-18 08:51 GMT
मुंबई: कोलकाता में महिला डॉक्टर के रेप और मर्डर के बाद देश भर में गुस्से की लहर है। इस बीच मुंबई में एक महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई है। शराब के नशे में पहुंचे एक मरीज और उसके अटेंडेंट ने महिला पर हमला किया। यह घटना रविवार सुबह मुंबई के सायन हॉस्पिटल में हुई। हमले की शिकार महिला डॉक्टर के मुताबिक मामला सुबह करीब 3.30 का है, जब वह वार्ड में ड्यूटी पर थीं। हमले के आरोपी मरीज के चेहरे पर चोट लगी थी। वह इसी का इलाज कराने के लिए अस्पताल में आया हुआ था। महिला डॉक्टर उसका इलाज कर रही थी, उसी वक्त मरीज के अटेंडेंट उसे गाली देने लगा। उसने महिला डॉक्टर को धमकी भी दी। इसके बाद मरीज के साथ आए 5-6 अन्य लोगों ने महिला के साथ हाथापाई की।
सायन मार्ड एसोसिएशन के सेक्रेट्री डॉक्टर अक्षय मोरे ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया मरीज रात के साढ़े बारह से एक के बीच कैजुअल्टी में आया था। उसके साथ साथ-आठ रिश्तेदार भी थे। उन्होंने बताया कि मरीज ने शराब पी रखी थी। डॉक्टर मोरे के मुताबिक यह लोग बाहर से मारपीट करके आए थे और उसके चेहरे पर घाव थे। चेहरे पर चोट के चलते उसको भोर में साढ़े तीन बजे ईएनटी डिपार्टमेंट में रेफर किया गया था। वहां पर तैनात महिला डॉक्टर ने इलाज शुरू किया और जांच के लिए पहले से लगी पट्टियों को हटाने लगी। डॉक्टर मोरे ने बताया कि यह एक रूटीन प्रक्रिया होती है, लेकिन मरीज ने इसी दौरान महिला डॉक्टर को गाली देनी शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ आए रिश्तेदारों ने भी मरीज को संभालने के बजाए डॉक्टर के साथ मार-पीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, मरीज अपने चेहरे की खून से सनी पट्टियां भी डॉक्टर के चेहरे पर लगाने लगा। यह सब देखा वहां मौजूद नर्सों ने हस्तक्षेप किया और सिक्योरिटी को बुलाया। लेकिन तब तक मरीज और रिश्तेदार वहां से भाग निकले थे।
महिला डॉक्टर ने सायन पुलिस थाने में अपना बयान दर्ज कराया है। मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। इस बीच सायन हॉस्पिटल के डॉक्टरों की एसोसिएशन के सदस्य भी थाने पर पहुंच गए और सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताई। एसोसिएशन के लोगों ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस तरह के हालात में तत्काल ध्यान दिए जाने की जरूरत है। इसके अलावा सभी अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है। डॉक्टर मोरे ने कहा कि अस्पतालों में अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। इसलिए यहां पर सिक्योरिटी बढ़ानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कोलकाता की घटना पर भी दुख जताया और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की।
गौरतलब है कि कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। यह घटना अस्पताल परिसर में ही अंजाम दी गई। इसको लेकर देश भर में गुस्सा भड़का हुआ है। इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में आईएमए भी शामिल है। प्रोटेस्ट के दौरान डॉक्टरों की सुरक्षा का मामला उठाया जा रहा है। बता दें कि कोलकता में हुई घटना की जांच सीबीआई कर रही है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच चल रही है। मामले में मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य से भी सवाल-जवाब हो रहे हैं।
Tags:    

Similar News

-->