न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान
चेन्नई: प्रशासन की लापरवाही और सड़कों पर मुंह फैलाए खुले हुए गड्ढों की वजह से कई बार लोगों की जान पर बन पड़ती है। चेन्नई से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। यहां एक शख्स जैसे ही अपनी बाइक को पीछे करने की कोशिश करता है कि उसका बैलेंस बिगड़ जाता है और व ह सीधा गहरे गड्ढे में जा गिरता है। खैर मनाइए कि उसकी बाइक ऊपर से नहीं गिर गई। बताया जा रहा है कि शख्स को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि अगर इसी तरह की घटना में किसी की जान चली जाए तो यह बड़ी बात नहीं होगी।
चेन्नई के अडमबक्कम इलाके में नाले काम काम चल रहा है। इस वजह से कई जगहों पर गड्ढे खोदे गए हैं लेकिन इनको कवर नहीं किया गया। कई जगहों पर इस तरह के गड्ढे खुले पड़े हैं। पेशे से इंजीनियर वासुदेवन दुकान से निकले और अपनी बाइक खिसकाने लगे। तभी वह गहरे गड्ढे में जा गिरे। यह गड्ढा कम से 15 फीट गहरा था। अंदाजा लगाएं तो वह करीब डेढ़ मंजिल की ऊंचाई से गिरे। वहां मौजूद लोगों की नजर पड़ी तो वे तुरंत दौड़कर गए और वासुदेवन को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि गड्ढे में पड़ी एक लोहे की छड़ से उन्हें चोट आई है। उनके सिर और कंधे पर चोट लगी है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। स्टॉर्मवॉटर ड्रेनेज सिस्टम के गड्ढों की वजह से यह दूसरा हादसा हुआ है। इससे पहले एक कार गड्ढे में घुस गई थी।
सीसीटीवी में यह पूरी घटना रेकॉर्ड हो गई और बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गई। पिछले साल चेन्नई में भारी बारिश की वजह से जलजमाव का संकट खड़ा हो गया था। इसके बाद कॉर्पोरेशन ने स्टॉर्मवॉटर ड्रेन का काम शुरू किया है।