सांकेतिक तस्वीर
गडग: कर्नाटक के गडग जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मकान की नींव खोदते समय जमीन के नीचे से सोने के जेवरात निकल आए. घर बनाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मजदूरों को एक तांबे का बर्तन मिला, जिसके अंदर सोने के गहने रखे हुए थे. बर्तन खोलते ही सभी हैरान रह गए, क्योंकि उसमें सोने की 22 कीमती चीजें रखी हुई थीं.
एजेंसी के अनुसार, यह घटना गडग के लक्कुंडी गांव की है. मजदूर जब जमीन खोद रहे थे, तभी उन्हें मिट्टी के बीच दबा हुआ एक पुराना तांबे का बर्तन नजर आया. मौके पर मौजूद आठवीं कक्षा के छात्र प्रज्वल की नजर सबसे पहले उस बर्तन पर पड़ी. उसने जब बर्तन को खोलकर देखा तो अंदर सोने के हार, झुमके और अन्य आभूषण चमकते नजर आए.
ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए प्रज्वल ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के बुजुर्गों को दी. देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए.
गडग के पुलिस अधीक्षक रोहन जगदीश ने बताया कि तांबे के बर्तन में कुल 22 सोने की वस्तुएं रखी हुई थीं. इनमें हार, झुमके और अन्य पारंपरिक आभूषण शामिल हैं. सभी आभूषणों का वजन करीब 470 ग्राम है. पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे सोने को अपने कब्जे में ले लिया है.
एसपी रोहन जगदीश ने कहा कि एक छात्र ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत गांव के बुजुर्गों को सूचना दी. इसके बाद विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी 22 चीजों को कब्जें में लिया. प्रशासन का मानना है कि ये आभूषण काफी पुराने हो सकते हैं. अब कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पूरा सोना सरकारी कब्जे में है.