शादी की खुशियां पड़ीं फीकी, कुछ ही घंटों बाद दुल्हन गायब

जानें स्टोरी.

Update: 2026-08-09 04:01 GMT
गोपालगंज: सोचिए... अभी कुछ घंटे पहले ही शादी हुई हो. दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे के साथ वचन निभाने का वादा किया हो. परिवार में खुशी का माहौल हो. और फिर घर पहुंचने से पहले ही दुल्हन गायब हो जाए. बिहार के गोपालगंज में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यूपी के आगरा से शादी करने आया एक युवक मंदिर में शादी के बाद दुल्हन को लेकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में कुछ लोग आए, दूल्हे और उसके परिवार के साथ मारपीट की और दुल्हन को लेकर फरार हो गए.
दूल्हे का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उससे पहले ही 1 लाख 20 हजार रुपये लिए गए थे. इसके बाद शादी हुई और घर लौटते वक्त दुल्हन के साथ-साथ गहने और कुछ सामान भी गायब हो गया. अब दूल्हा थाने पहुंचा है और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहा है. पीड़ित दूल्हे का नाम दिलीप कुमार है. वह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के लोहामंडी थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
दिलीप के मुताबिक, उसके घर के पास एक महिला कई साल से रहती थी. धीरे-धीरे उसकी और परिवार की उस महिला से जान-पहचान हो गई. महिला ने उसकी शादी कराने की बात कही. रिश्ता तय हुआ तो शादी के नाम पर परिवार से 1.20 लाख रुपये मांगे गए. परिवार ने पैसे दे दिए. इसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हो गईं और दिलीप अपने परिवार के साथ गोपालगंज पहुंच गया.
दिलीप के परिवार के मुताबिक, शादी के लिए पूरा परिवार करीब पांच दिनों तक थावे में होटल में रुका. फिर 7 अगस्त को थावे मंदिर परिसर स्थित मैरिज हॉल में शादी की रस्में पूरी हुईं. दूल्हा-दुल्हन ने शादी की. परिवार में खुशी का माहौल था. शादी के बाद दोनों होटल लौटे. इसके बाद घर जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था की गई.
परिवार को लगा कि अब अगला सफर अपने घर का होगा. लेकिन रास्ते में जो हुआ, उसने पूरी कहानी ही बदल दी. दिलीप के मुताबिक, जब दूल्हा-दुल्हन और परिवार के लोग घर के लिए निकले तो नगर थाना क्षेत्र के तुरकहां नहर के पास बाइक सवार चार लोग पहुंचे. आरोप है कि इन लोगों ने दूल्हे और उसके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी. परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले वे लोग दुल्हन को अपने साथ लेकर फरार हो गए.
दूल्हे का आरोप है कि दुल्हन के पास गहने और कुछ अन्य सामान भी था, जिसे वह अपने साथ ले गई. दिलीप की बहन का भी यही आरोप है. उनके मुताबिक, एक महिला के माध्यम से रिश्ता तय हुआ था. शादी के लिए परिवार ने उसे 1.20 लाख रुपये दिए थे. मंदिर में शादी हुई. परिवार घर लौट रहा था, तो रास्ते में कुछ लोग पहुंचे और मारपीट करने लगे. उन्हीं लोगों ने दुल्हन को अपने साथ ले लिया और पैसे-गहने लेकर फरार हो गए.
दुल्हन कौन थी? जिस महिला ने रिश्ता कराया, वह कौन है? क्या पहले से कोई गैंग इस पूरे मामले में शामिल था? क्या शादी की पूरी कहानी पहले से प्लान की गई थी? और एक सवाल यह कि दुल्हन को लेकर फरार होने वाले चार लोग कौन थे? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल दूल्हा और उसके परिजन नगर थाने पहुंचे हैं और उन्होंने पूरे मामले की शिकायत की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Tags:    

Similar News