हमने स्पेस सेक्टर को देश के नौजवानों के लिए ओपन किया: प्रधानमंत्री मोदी
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 20 वर्ष पहले तक हमारे देश में गरीबी को एक परमानेंट प्रॉब्लम माना जाता था। पांच दशक पहले भी लाल किले से गरीबी हटाने के नारे लगते थे। लेकिन, जब पॉलिसी बनाने की बात आती थी, तो पूरा सिस्टम बस फाइलें तैयार करके बैठ जाता था।
प्रधानमंत्री ने कहा, "ऐसा इसलिए था क्योंकि आम सोच यह थी कि गरीबी कभी खत्म नहीं हो सकती। जब हम सत्ता में आए, तो हालात कुछ अलग नहीं थे। लेकिन जब मैंने लाल किले से ऐलान किया कि मैं टॉयलेट बनवाऊंगा, तो पार्लियामेंट में कुछ लोगों ने इस आइडिया का मजाक उड़ाया। वे यह समझने में नाकाम रहे कि गरीब माताओं और बहनों के लिए टॉयलेट तक पहुंच कितनी जरूरी है। पिछले 12 वर्षों में हमने इसी सोच को बदलने का काम किया है। मैं पावर टू एम्पावर के गाइडिंग प्रिंसिपल पर जीता हूं।"
पीएम मोदी ने कहा, "हमने भारत के स्पेस सेक्टर को भारत के नौजवानों के लिए ओपन कर दिया और आज आप देखिए, आईआईटी खड़गपुर से निकले एक विद्यार्थी पवन ने स्काईरूट एयरोस्पेस बनाकर भारत को पहला प्राइवेट रॉकेट लॉन्च करने का गौरव दिया है। आज ऐसे बहुत सारे स्पेस स्टार्टअप भारत के स्पेस प्रोग्राम को नई स्पीड से आगे बढ़ा रहे हैं। कभी ये चीजें असंभव लगती थीं, लेकिन आज ये सब वास्तविक है। और मैं गर्व से कह सकता हूं कि आपके पूर्व छात्रों ने इस असंभव को संभव करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।"
उन्होंने कहा, "विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ 12-13 वर्षों में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल आए हैं। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। यह उस सोच का नतीजा है, जो हदें तोड़ने में यकीन रखती है।" पीएम ने कहा कि जब आप राष्ट्र प्रथम के माइंडसेट से आगे बढ़ेंगे, तो निश्चित ही, यह आपके लिए भी नए अवसर लेकर आएगा और देश को भी बहुत लाभ होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, "आपने बीते 75 वर्षों में शानदार काम किया है, अब आपको यह दृढ़ निश्चय लेकर आगे बढ़ना है कि जब आईआईटी खड़गपुर अपने 100 वर्ष मनाएगा, तो वह विकसित भारत में ही मनाया जाना चाहिए। आपको जानकर हैरानी होगी कि 50 साल पहले एक कंपनी सेमीकंडक्टर बनाने के लिए भारत आई थी। लेकिन, उसे लाल झंडा दिखाकर वापस भेज दिया गया। इसलिए, जब मैंने सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने की बात की, तो लोगों ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। हमने आगे बढ़कर मिशन शुरू किया, और आज भारत ने चिप्स एक्सपोर्ट करना शुरू कर दिया है।"