Shivpuri शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक ही परिवार के चार बच्चों की करीब 10 दिनों के भीतर मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। मृतकों में तीन सगे भाई और एक रिश्तेदार का बेटा शामिल बताया जा रहा है। परिवार के लोग 16 अगस्त को गोरा टीला के पास स्थित एक झरने पर नहाने गए थे। वहां से लौटने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसी शिकायतें हुईं। इलाज के दौरान चार बच्चों की मौत हो गई।
झरने से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
मामला शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में रहने वाले तनवीर अहमद के परिवार से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, परिवार और रिश्तेदारों समेत करीब 16 लोग 16 अगस्त को गोरा टीला के पास झरने पर नहाने गए थे। वापस लौटने के बाद परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी।
परिजनों के अनुसार, सबसे पहले 14 वर्षीय ताहिर की तबीयत बिगड़ी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद 19 वर्षीय अयाज समेत अन्य बच्चों की हालत भी खराब होती चली गई। करीब 10 दिनों के अंदर चार बच्चों की मौत से परिवार में मातम छा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लिए 62 लोगों के सैंपल
एक ही परिवार में लगातार चार बच्चों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। मेडिकल टीम ने परिवार और आसपास के लोगों की जांच शुरू की। एडीएम दिनेश चंद शुक्ला के मुताबिक, झरने पर नहाने गए करीब 62 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
इसके अलावा जिस झरने पर परिवार के लोग गए थे, वहां के पानी के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अभी तक झरने के पानी को बच्चों की मौत का कारण नहीं माना गया है। बीमारी की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
तीन बच्चियां भी बीमार, ग्वालियर भेजा
सैंपलिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को तीन बच्चियों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। इसके बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दी गई है। फिलहाल मेडिकल टीम मृत बच्चों के इलाज से जुड़ी जानकारी, सैंपल और बीमारी के संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर चार बच्चों की मौत की असली वजह क्या थी।
Tags: