एमपी। मप्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग (Vishvas Sarang) ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को पत्र लिखकर दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) की शिकायत की है। विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह को गुंडा कांग्रेस (Gunda Congress) का अध्यक्ष बनाने की सलाह सोनिया गांधी को दी है। पुलिस अधिकारी की कॉलर पकड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की वायरल तस्वीर के बाद भाजपा मुखर हो गई है। अब मामला कांग्रेस आलाकमान तक पहुंच गया है।
शुक्रवार को भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान जिला पंचायत कार्यालय के बाहर हुए कांग्रेस के हंगामे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। हंगामे के बीच की एक ऐसे तस्वीर वायरल हुई है जिसने भाजपा को कांग्रेस पर हमलावर होने का मौका दे दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें वे एक पुलिस अधिकारी का कॉलर पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने वीडियो और तस्वीर कल अपने ट्विटर एकाउंट पर शेयर की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिग्विजय सिंह के इस कृत्य की निंदा की थी।