विक्रमादित्य का नामांकन, सेरी मंच पर भीड़ ही भीड़

Update: 2024-05-10 11:47 GMT
मंडी। हॉट सीट बन चुके मंडी संसदीय के चुनावी रण में कांग्रेस ने भीड़ जुटा कर भाजपा को बड़ी चुनौती का ऐलान कर दिया है। मोदी नाम के सहारे मंडी संसदीय क्षेत्र के रण को आसानी से जीतने के सपने देख रहे भाजपा नेताओं के चेहरों पर चिंता लकीरें खींचने के लिए विक्रमादित्य सिंह की नामाकंन रैली काफी है। इस रैली के बाद यह तो साफ हो गया है कि मंडी संसदीय सीट पर चुनावी मुकाबला कांटे का होने वाला है। गुरुवार को मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामाकंन पत्र भरने के बाद सेरी मंच पर कांग्रेस की तरफ से एक जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। सेरी मंच और आसपास के सारे क्षेत्र में लोगों को खड़ा होने के लिए भी जगह नहीं बची।

यही नहीं पंडाल के बाहर भी इंदिरा मार्केट की छत और दुकानों में खड़े होकर भी लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विक्रमादित्य सिंह का भाषण सुना। वहीं रैली में मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 हल्कों के साथ ही शिमला से भी कांग्रेस समर्थकों ने भाग लिया। रैली में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। प्रचंड गर्मी होने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता कई घंटे टस से मस नहीं हुए। नामाकंन भरने के बाद विक्रमात्यि सिंह ढोल नगाड़ों की थाप पर सेरी मंच पर पहुंचे तो पूरा पंडाल ही कुछ देर के नाच उठा। वहीं इस रैली बड़ी संख्या में न सिर्फ महिलाओं और युवाओं की संख्या रही, बल्कि बड़ी संख्या में बुर्जग भी रैली में पहुंचे थे। वहीं रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर सबसे अधिक निशाने साधे। तो वहीं विक्रमादित्य सिंह के निशाने पर कंगना रणौत रही।
Tags:    

Similar News