शिमला। आगामी विधानसभा चुनावों में नए चेहरों को चुनावी दंगल में उतारने की लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पैरवी की है। उन्होंने प्रदेश में स्वर्ण आयोग के गठन की मांग का भी समर्थन करते हुए अपनी बात रखी है। रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है कि जहां लगातार सफलता नहीं मिलती, वहां नए चेहरों को अवसर देना कांग्रेस हाइकमान को बहुत अच्छा निर्णय है। उन्होंने कहा है कि पंचायती राज चुनावों में जिला परिषद, पंचायत समिति और प्रधान पदों पर युवा चेहरों की जीत पार्टी के लिए बड़ा संकेत है। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि पार्टी में नई ऊर्जा है और यह युवा पीढ़ी आने वाले समय में विधानसभा में अच्छा नेतृत्व दे सकती है। बता दें कि कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने मंडी में बड़ा बयान दिया था कि पिछले दो या तीन चुनाव लगातार हारने वाले नेताओं को दोबारा टिकट नहीं दिया जाएगा। साथ ही संगठन में पद सौंपने से पहले कामकाज की समीक्षा करने की बात कही थी। लोक निर्माण मंत्री ने स्वर्ण आयोग के गठन की मांग का भी समर्थन किया है।