Bijnor बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक छात्र का Instagram वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। छात्र ने वीडियो में दो दिन के अंदर आत्महत्या करने की चेतावनी दी थी और अपनी परेशानी के लिए स्कूल प्रबंधन को जिम्मेदार बताया था। वीडियो देखने के बाद एसपी केके बिश्नोई ने तत्काल पुलिस टीम को छात्र के घर भेजा और मामले में हस्तक्षेप किया। छात्र ने वीडियो में आरोप लगाया था कि कई दिनों से उसे स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। उसने दावा किया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उसके और एक शिक्षक के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है, जिसे छात्र ने गलत बताया। छात्र ने अपनी संभावित मौत के लिए स्कूल मैनेजर राजीव चौहान और एसएम एकेडमी को जिम्मेदार ठहराने की बात कही थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि जैसे ही उन्हें छात्र का वीडियो मिला, उन्होंने तुरंत पुलिसकर्मियों को छात्र के घर भेजा। पुलिस ने छात्र और स्कूल प्रबंधन दोनों पक्षों से बातचीत की।




पुलिस की पहल से सुलझा मामला
एसपी के अनुसार बातचीत के दौरान सामने आया कि छात्र से कुछ गलतियां हुई थीं। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले को शांत कराया गया और छात्र का उसी स्कूल में दोबारा प्रवेश करा दिया गया। छात्र ने अपनी शिकायत को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को भी सोशल मीडिया के माध्यम से पत्र लिखा था। इसमें उसने स्कूल में प्रवेश नहीं दिए जाने और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अपनी परेशानी बताई थी। वहीं स्कूल मैनेजर राजीव चौहान ने छात्र के आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि शिक्षक से प्रेम संबंध की बात पूरी तरह निराधार है। उन्होंने बताया कि छात्र के व्यवहार को लेकर स्कूल की ओर से पहले कई नोटिस जारी किए गए थे और कार्रवाई का कारण लिखित रूप में मौजूद है।
सोशल मीडिया पर अपील के बाद पहुंची पुलिस
इस मामले ने सोशल मीडिया पर बच्चों की मानसिक परेशानी और समय पर मदद पहुंचाने की जरूरत को भी सामने ला दिया। पुलिस की तत्परता से छात्र तक समय रहते मदद पहुंची और बड़ा कदम उठाने से उसे रोका जा सका। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। छात्र का दोबारा स्कूल में दाखिला करा दिया गया है। हालांकि छात्र और स्कूल प्रबंधन की ओर से लगाए गए अलग-अलग आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच और रिकॉर्ड के आधार पर ही साफ हो पाएगी।
Tags: