कपड़े बदलते समय बनाया वीडियो! विवाहिता ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
कहा- पति नपुंसक है.
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें दहेज की मांग से लेकर गलत काम करने का दबाव बनाने और निजी पल का वीडियो बनाने तक की बात कही गई है. महिला का कहना है कि उसका पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है. आरोप है कि पति का इलाज कराने के बजाय उसके ससुर इसी बात का फायदा उठाकर उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हैं. महिला ने जब इस बारे में अपने पति को बताया तो उसके साथ मारपीट की गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
मामला बिजनौर के हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी यहां के एक युवक से हुई थी. विवाहिता का कहना है कि उसके मायके वालों ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे. परिवार को उम्मीद थी कि बेटी नए घर में खुशहाल जिंदगी बिताएगी, लेकिन महिला के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि ससुराल वाले उससे पांच लाख रुपये और एक कार की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. महिला का कहना है कि उसका पति कोई काम नहीं करता, जबकि उसके ससुर सरकारी नौकरी करते हैं. घर के खर्चों के लिए परिवार को ससुर पर निर्भर रहना पड़ता है.
विवाहिता ने अपनी शिकायत में पति की सेहत को लेकर भी गंभीर बातें कही हैं. उसका आरोप है कि पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है. महिला के मुताबिक, इस स्थिति में पति के इलाज पर ध्यान देने के बजाय उसके ससुर उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हैं.
महिला का दावा है कि जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसे सहारा मिलने के बजाय मारपीट का सामना करना पड़ा. पीड़िता के अनुसार, ससुराल में उसकी परेशानी को समझने और उसका साथ देने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया.
विवाहिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसका पति, सास, ससुर, तहेरे ससुर, ममेरे ससुर, जेठ और ननद उसके साथ मारपीट करते थे. महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था.
इसके बाद भी उसने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर ससुराल लौटने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, वह 5 अक्टूबर को अकेले ही वापस ससुराल पहुंच गई। महिला का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे परेशान किया गया।
विवाहिता ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है. उसका कहना है कि 15 अक्टूबर को जब वह कपड़े बदल रही थी, तब उसका वीडियो बनाया गया. महिला का आरोप है कि ससुराल वाले उस पर गलत काम करने का दबाव बनाना चाहते हैं और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है.
पीड़िता ने इन सभी घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी और अपनी शिकायत दर्ज कराई. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
जब इस पूरे मामले को लेकर आजतक ने हीमपुर दीपा थाने के SHO (रवि करण सिंह ) से बात की तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है. इस पूरे मामले में महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच चल रही है. आरोपी ससुर अभी मौके से फरार है पुलिस ससुर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई हुई है.