बैंड बाजा टीम के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट, सामने आया VIDEO, कारण भी जानें
वीडियो हुआ वायरल.
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर जनपद से एक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बैंड-बाजा टीम के दो मास्टर आपस में सड़क पर एक दूसरे को गिरा-गिराकर लड़ते दिखाई दे रहे हैं. आसपास मौजूद टीम के अन्य सदस्य बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन कुछ देर तक दोनों के बीच हाथापाई जारी रहती है.
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे की है. एक बैंड टीम किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी और नगर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक से गुजर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर टीम के दो मास्टरों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
वीडियो में दिख रहा है कि टीम के बाकी सदस्य काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग करते हैं और मामला शांत कराते हैं. खास बात यह है कि जहां यह झगड़ा हुआ, वहीं पास में पुलिस चौकी भी मौजूद है, लेकिन फिलहाल पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना की कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है.
प्रत्यक्षदर्शी कार्तिक जौहरी ने बताया कि वह सुबह उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने बैंड टीम के कुछ लोगों को आपस में झगड़ते देखा. उनके मुताबिक साथियों ने बीच-बचाव कर दोनों का समझौता करा दिया, लेकिन विवाद किस बात पर हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका. घटना शिव चौक के पास की बताई जा रही है.