VIDEO BREAKING: ओवरटेक की एक गलती... स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, जिंदा जल गए दो युवक

कार में फंसे दो युवकों की मौत

Update: 2026-06-13 15:14 GMT
Jabalpur जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बरेला थाना क्षेत्र में शारदा मंदिर और मंगलायतन यूनिवर्सिटी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन हाईवा से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया और उसमें सवार दो लोग बाहर नहीं निकल सके। जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो मंडला से जबलपुर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने ढलान वाले क्षेत्र में ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कॉर्पियो की टक्कर एक हाईवा वाहन से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन काफी दूर तक घिसटता चला गया और उसमें अचानक आग लग गई।



कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने और वाहन में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कोई भी वाहन के करीब नहीं पहुंच सका। घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाए जाने के बाद वाहन से दो शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी मोनू शर्मा और प्रवीण शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों रायपुर से रोहतक लौट रहे थे।



बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ढलान वाले क्षेत्र में किया गया जोखिम भरा ओवरटेक प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सड़क की स्थिति, वाहन की गति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर किया है।
Tags:    

Similar News