Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में गौरक्षक और यूट्यूबर सत्यम गौड़ पर हुए जानलेवा हमले से सनसनी फैल गई है। आरोप है कि देर रात घर लौटते समय कुछ दबंग युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में गंभीर रूप से घायल सत्यम गौड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सत्यम गौड़ फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया के रहने वाले हैं। वह देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टॉकीज रोड के पास पहले से घात लगाए बैठे एक दर्जन से अधिक युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बिना किसी बातचीत के हमलावरों ने उन पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से वार करने के साथ ही लात-घूंसों से भी उनकी पिटाई की।




घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सत्यम गौड़ हमलावरों से छोड़ देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद आरोपी लगातार उन पर हमला करते रहे। वीडियो में कई युवक मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस वीडियो को जांच में अहम सबूत मान रही है। परिजनों के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपी सत्यम को मरा हुआ समझकर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक एंबुलेंस चालक की नजर घायल अवस्था में पड़े सत्यम पर पड़ी। उसने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया।
सत्यम के भाई शिवम गौड़ ने आरोप लगाया कि हमले में उनके भाई के शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं। उन्होंने फरीदपुर निवासी विक्की और उसके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फरीदपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि परिजनों से शिकायत ली जा रही है और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: