Hisar. हिसार। हरियाणा के हिसार में पुलिस ने देह व्यापार कराए जाने की सूचना पर दो अलग-अलग होटलों में छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दोनों होटलों से कुल 22 महिलाएं और 19 पुरुष मिले। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं दोनों होटलों के मैनेजरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू मॉडल टाउन इलाके में स्थित कुछ होटलों में कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक होटल में नकली ग्राहक भेजा। तय योजना के अनुसार संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी।



छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ की और होटल मैनेजर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने इसी तरह दूसरे होटल की भी जांच की। वहां भी एक नकली ग्राहक को भेजा गया था। उससे निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा और मैनेजर को मौके से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार दोनों होटलों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 22 महिलाएं और 19 पुरुष मिले। पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर उनसे पूछताछ की। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों होटलों से कुल एक हजार रुपए नकद और कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को नियमानुसार अलग-अलग पैकेट में सील कर साक्ष्य के तौर पर अपने कब्जे में लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोप है कि दोनों होटल मैनेजर कथित तौर पर बाहर से महिलाओं को बुलाते थे और पैसे कमाने के उद्देश्य से होटलों में देह व्यापार की सुविधा उपलब्ध कराते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित गतिविधि में होटल संचालकों या अन्य लोगों की क्या भूमिका थी और यह काम कितने समय से चल रहा था। पुलिस इस मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य संभावित लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार दोनों मैनेजरों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: