BIG BREAKING: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा, सांसद बोले- सितंबर में बहुत कुछ हो सकता है

देखें वीडियो.

Update: 2025-07-22 06:07 GMT

नई दिल्ली: जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे ने राजनीतिक चर्चाएं तेज कर दी हैं। सोमवार को हुए इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दल इस्तीफे की टाइमिंग पर सवाल उठा रहे हैं। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत का दावा है कि धनखड़ की तबियत एकदम ठीक है। दरअसल, उन्होंने स्वास्थ्य का हवाला देकर ही पद से इस्तीफा दिया है।

मंगलवार को राउत ने पत्रकारों से बातचीत में दिल्ली में कुछ बड़ी राजनीतिक घटना के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, 'देखिए मैं इस बारे में अभी कोई बात नहीं कर सकता, लेकिन पर्दे के पीछे कुछ हो रहा है। बड़ी राजनीति हो रही है। दिल्ली में राष्ट्रीय राजनीति में पर्दे के पीछे कुछ ऐसी बातें हो रही हैं, जो जल्दी सामने आ जाएंगी।'
साथ ही उन्होंने इस इस्तीफे को असामान्य भी करार दिया है। राज्यसभा सदस्य ने कहा, 'उपराष्ट्रपति जी का जो इस्तीफा है, वो कोई साधारण घटना नहीं है। जो कारण दिया है हेल्थ का। मैं मानने को तैयार नहीं हूं। वह स्वस्थ आदमी हैं, खुशमिजाज आदमी हैं। वह ऐसे मैदान छोड़ने वाले आदमी तो नहीं हैं। मैं उनको जो देखता हूं, वह मैदान छोड़ने वाले व्यक्ति नहीं हैं। लड़ने वाले हैं।'
राउत का दावा है, 'उनकी हेल्थ ठीक है, कल दिनभर मैं उनको देख रहा था। कुछ चल रहा है, जल्दी पता चलेगा। उन्होंने कहा, 'जरूर सितंबर में कुछ होगा।' शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा, 'उपराष्ट्रपति के स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा देने की खबर चिंताजनक है। हम उनकी कुशलता की कामना करते हैं। लेकिन, एक सवाल उठता है कि आज मॉनसून सत्र का पहला दिन था और उसी दिन उनका इस्तीफा देना चिंताजनक है।'
उन्होंने कहा, 'इस सरकार में क्या चल रहा है? यह फैसला बिना किसी उचित परामर्श या चर्चा के लिया गया। अगर स्वास्थ्य ही चिंता का विषय था, तो इस्तीफा सत्र से कुछ दिन पहले या बाद में भी दिया जा सकता था।
Tags:    

Similar News