अमरेली: अमरेली। गुजरात के अमरेली जिले में स्थित आंबरडी सफारी पार्क से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रहा है। वीडियो में एक शेर के आसपास कुछ बाइक सवार और एक बोलेरो गाड़ी चलती दिख रही है। इसके सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा कि क्या शेर को परेशान किया गया। वन विभाग के अनुसार शेर को उसके तय क्राल (बाड़े) तक वापस ले जाया जा रहा था, लेकिन इस दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं हुआ। इसी वजह से तीन आउटसोर्स कर्मचारियों को हटा दिया गया है।
शेर के बेहद करीब दिखी बाइक
यह सफारी पार्क गिर पूर्व वन विभाग के अधीन आता है। वायरल वीडियो में दो-तीन बाइक सवार और एक बोलेरो वाहन शेर के चारों ओर नज़र आ रहे हैं। एक बाइक तो शेर के काफी पास चलती दिखाई देती है। इसके बाद स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों ने सवाल उठाए कि सफारी पार्क के अंदर वाहन शेर के इतने करीब कैसे पहुंचे और शेर को इस तरह क्यों ले जाया जा रहा था।
दिवाली की छुट्टियों का मामला
जानकारी के मुताबिक यह घटना दिवाली की छुट्टियों के दौरान की है, जब आंबरडी सफारी पार्क में पर्यटकों की भारी भीड़ थी। सफारी का समय खत्म होने के बाद शेर अपने क्राल वाले इलाके की ओर लौटते हैं। गिर पूर्व वन विभाग, धारी के एसीएफ अमित वाणिया ने बताया कि वीडियो में दिख रही कार्रवाई शेर को उसके निर्धारित क्षेत्र में लौटाने के लिए की गई थी। उनके मुताबिक उस समय शेर क्राल की तरफ जाने के बजाय दूसरी दिशा में जा रहा था, इसलिए कर्मचारियों ने उसे रोका और वापस क्राल की ओर मोड़ा।
एसीएफ का कहना है कि इस घटना में शेर को परेशान करने की बात सामने नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच के लिए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा गया है।
PCCF बोले: प्रोटोकॉल का पालन नहीं हुआ
पीसीसीएफ जयपाल सिंह ने बताया कि वीडियो में नज़र आ रहे तीनों कर्मचारी आउटसोर्सिंग के ज़रिए काम कर रहे थे और उन्हें हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि शेर को उसके क्राल में वापस भेजने का एक तय प्रोटोकॉल है, जिसका इस मामले में पालन नहीं किया गया। उनके अनुसार आम तौर पर शेर को बंद जीप की मदद से क्राल तक पहुंचाया जाता है। यहां यह प्रक्रिया नहीं अपनाई गई, इसलिए कार्रवाई की गई है।

Tags: