सुरक्षा काफिले में शामिल गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, डीएसपी समेत 4 पुलिसकर्मी जख्मी

Update: 2023-06-30 16:09 GMT
उधमपुर। प्रत्येक साल की भांति इस साल भी बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। पवित्र गुफा की ओर अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था आज यानी शुक्रवार सुबह को जम्मू से रवाना हो गया। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के भगवती नगर शिविर से तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। इस जत्थे में करीब 3400 तीर्थयात्री शामिल हैं। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। उनके आगे पीछे पुलिस और सुरक्षाबलों की गाड़ियां चलती हैं। अमरनाथ यात्रियों के सुरक्षा काफिले में शामिल पुलिसकर्मियों की एक ऐसी ही गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। काफिले में चल रही पुलिस वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस वैन में एक डीएसपी रैंक के अधिकारी समेत चार पुलिसकर्मी सवार थे।
उधमपुर के एसएसपी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा काफिला जम्मू से कश्मीर की ओर जा रहा था, तभी उसमें शामिल एक वाहन बाली नाला क्षेत्र में राजमार्ग से फिसलकर पलट गया। इस हादसे में डीएसपी समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उधमपुर स्थित अस्पताल में एडमिट कराया गया। सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि काफिले में शामिल अन्य गाड़ियां सुरक्षित हैं और वे तय रूट से आगे बढ़ रही हैं। इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने शुक्रवार सुबह तड़के सवा चार बजे अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। भक्तों ने भोले के जयकारे लगाकार यात्रा की शुरूआत की। जत्था पहले दिन की यात्रा समाप्त कर अनंतनाग होते हुए नुनवान बेस कैंप पहुंच चुका है। यहां कश्मीरियों ने हार पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया । बता दें कि इस बार सावन दो महीना होने के कारण यात्रा 62 दिन तक चलेगी।
Tags:    

Similar News

-->