रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अर्जुन बैंड के समीप एक इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे इको वाहन संख्या यूके13टीए-4410 शादी समारोह में शामिल होने के बाद कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू टीमों ने खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41), बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35) की मौत हो गई। वहीं, सतपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजलि (26) और सुमीता भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
इससे पहले उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर शादी समारोह से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह लोग घायल हुए थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया था।
Tags: