Dehradun देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा है कि चारधाम यात्रा के पहले चरण का संचालन सुचारू रूप से जारी है और आगामी मानसून सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा के निर्बाध संचालन को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने विकास परियोजनाओं और चारधाम यात्रा की तैयारियों पर जानकारी देते हुए कहा कि यात्रा का पहला चरण वर्तमान में चल रहा है, जबकि दूसरा चरण मानसून के दौरान शुरू होगा। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पहले से सतर्क कर दिया गया है। धामी ने कहा, “मानसून के दौरान सड़क बंद होने, भूस्खलन, जलभराव या मौसम में अचानक बदलाव जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। हमारा प्रयास है कि किसी भी प्रकार की बाधा को न्यूनतम रखा जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सड़कों की स्थिति, राहत एवं बचाव संसाधनों तथा संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासनिक टीमें लगातार जमीनी स्तर पर हालात की समीक्षा कर रही हैं और आवश्यकतानुसार त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं।