अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने PM मोदी से की मुलाकात, देखें VIDEO...
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस परिवार समेत भारत की यात्रा पर आए हुए हैं। सोमवार की शाम को जेडी वेंस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। पीएम मोदी ने जेडी वेंस और उनके परिवार का लोक कल्याण मार्ग पर स्वागत किया है। बता दें कि इससे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस और उनकी पत्नी उषा सोमवार को सुबह 9.30 बजे के करीब नई दिल्ली के पालम एयरबेस पर उतरे। वह 4 दिनों के भारत दौरे पर पहुंचे हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, उनकी पत्नी उषा वेंस और उनके बच्चों ने दिल्ली में स्थित प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर के दर्शन किए। अमेरिकी उपराष्ट्रपति के बच्चों ने अनारकली सूट, कुर्ता और पायजामा सहित पारंपरिक भारतीय परिधान पहने हुए देखे गए। जेडी वेंस ने पत्नी उषा के साथ मंदिर में प्रार्थना की।
पीएम मोदी अपने आवास पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पीएम मोदी और वेंस आपसी व्यापार और टैरिफ, क्षेत्रीय सुरक्षा, दोनों देशों के संबंध आदि पर चर्चा करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी जेडी वेंस के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। बता दें कि वेंस के साथ में वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों का एक डेलिगेशन भी आया है। वहीं, भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर, NSA अजित डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिसरी आदि इस बैठक में भाग लेंगे।
जेडी वेंस और उनका परिवार जयपुर और आगरा की यात्रा पर भी जाएगा। वेंस परिवार के साथ एक विशेष विमान से जयपुर जाएंगे और वहां रामबाग पैलेस होटल में ठहरेंगे। वह मंगलवार को सुबह में जयपुर के आमेर किला पहुंचेंगे और दोपहर तीन बजे आरआईसी में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वेंस परिवार के साथ बुधवार को आगरा जाएंगे। वह दोपहर में जयपुर लौटकर सिटी पैलेस जाएंगे। इसके बाद गुरुवार की सुबह वेंस और उनका परिवार वापस अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।