कोलकाता: पश्चिम बंगाल में IPS अधिकारी बुशरा बानो का एक वीडियो चर्चा में है. पुलिस की वर्दी में बनाए गए इस वीडियो में उन्होंने 'अस्सलामुअलैकुम', 'इंशाल्लाह' और 'जजाकल्लाह' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. इसे लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई. 'हिंदू लीगल फंड' नाम के संगठन ने वीडियो शेयर करते हुए बंगाल के गृह सचिव से शिकायत किए जाने का दावा किया. इसी बीच सोमवार को बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया.
बुशरा बानो मिदनापुर जिले के खड़गपुर में एडिशनल SP के पद पर तैनात थीं. अब उन्हें राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है. सरकार ने उनकी जगह पार्थ घोष को खड़गपुर में एडिशनल SP के तौर पर पोस्ट किया है. हालांकि, इस विषय पर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बुशरा बानो 2021 बैच की IPS अधिकारी हैं. उन्होंने 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें वह UPSC की तैयारी करने वालों का हौसला बढ़ा रही थीं. वीडियो में उन्होंने अपनी तैयारी के दिनों का अनुभव साझा किया था. उन्होंने बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी ने UPSC की तैयारी में उनकी मदद की थी. यह वीडियो अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट हो चुका है.
'हिंदू लीगल फंड' नाम के X अकाउंट ने बुशरा बानो का वीडियो शेयर किया था. संगठन ने दावा किया कि इस मामले को लेकर बंगाल के गृह सचिव के पास शिकायत की गई है. संगठन ने कहा कि भारतीय राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एक अधिकारी को निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए. उसने सार्वजनिक बातचीत में राष्ट्रीय शब्दों के इस्तेमाल की बात कही. पोस्ट में यह भी कहा गया कि बुशरा बानो को 'वंदे मातरम' या 'जय हिंद' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए था. वीडियो को लेकर कई अन्य X हैंडल्स ने भी इस्तेमाल किए गए शब्दों की आलोचना की थी.
सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा के कुछ दिनों बाद सोमवार को सरकार ने तबादले का नोटिफिकेशन जारी किया. इसके मुताबिक बुशरा बानो को राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है.
खड़गपुर में उनकी जगह पार्थ घोष को एडिशनल SP के तौर पर तैनात किया गया है. सरकारी नोटिफिकेशन में बुशरा बानो के तबादले की वजह नहीं बताई गई है. सरकार की तरफ से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है.
फिलहाल इतना साफ है कि UPSC से जुड़े वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई. 'हिंदू लीगल फंड' ने शिकायत किए जाने का दावा किया. इसके कुछ दिनों बाद बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया. दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इस पर सरकार की ओर से अभी तक कुछ नहीं कहा गया है।
Tags: