नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 साल की मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बच्ची 28 अगस्त की रात अपने घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ईकोटेक-3 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया. टीमों ने आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया और CCTV फुटेज समेत अन्य माध्यमों से सुराग जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला, जिसमें संदिग्ध आरोपी बोरी ले जाते हुए दिखाई दे रहा है. फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की.
बता दें कि 6 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर कमरे में ले जाकर उसकी हत्या की थी. इसके बाद शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने के लिए ले गया था. पुलिस की जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में आरोपी बोरी में बच्ची का शव ले जाते हुए दिखाई दिया था. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की थी.
इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी. इसी दौरान पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी ढेर हो गया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.