Ujjain. उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के हिस्से को हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम का विरोध कर रहे लोगों के बीच झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में से 5 पर सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने का आरोप है। वहीं, अन्य 5 लोगों को पुलिस ने उज्जैन के बाहर से आने वाला बताया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग शहर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें रोककर हिरासत में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस के मुताबिक, भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की। इस घटना में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई।

2500 पुलिसकर्मी तैनात
उज्जैन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें आसपास के जिलों से बुलाई गई पुलिस टीमें भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

महिलाओं ने भी किया विरोध प्रदर्शन
कार्रवाई के बाद मुस्लिम समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंचीं और मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शाही मस्जिद प्रबंधन की ओर से दावा किया गया है कि यह मस्जिद 100 साल से ज्यादा पुरानी है। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई और प्रशासन से मामले पर विचार करने की मांग की।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जा रहा हिस्सा
जिला प्रशासन के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की जद में मस्जिद का करीब 9 फीट लंबा और 4 फीट
चौड़ा हिस्सा
आ रहा है। यह सड़क आगामी सिंहस्थ आयोजन को ध्यान में रखते हुए चौड़ी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि विकास कार्य के तहत सड़क को बेहतर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, मस्जिद प्रबंधन की ओर से मामले को लेकर अलग पक्ष रखा गया है। इस मामले में सोमवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई भी प्रस्तावित है। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निगरानी रख रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
Tags: