बंगाल की राजनीति में उथल पुथल जारी, जहां हुआ मुख्यमंत्री ममता पर हमला, वहां पहुंचे SP और DM, जांच शुरू
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घायल हो गईं. ममता के पैर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें रात में इलाज के लिए कोलकाता लाया गया. ममता के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. दीदी का आरोप है कि उन पर कुछ लोगों ने हमला किया, उन्हें कार में धक्का दिया और फिर जबरन दरवाजा बंद करने की कोशिश की गई.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए हमले की जांच शुरू हो गई है. मिठाई की दुकान के मालिक निमाई मैती से पूछताछ करने के लिए नंदीग्राम पूर्ब के डीएम विभू गोयल और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं.
इससे पहले ममता बनर्जी को चोट लगने के समय वहां मौजूद सुमन नामक विद्यार्थी ने बताया था कि उनको(ममता बनर्जी) देखने के लिए जनता इकट्ठा हो गई, उन्हें देखने के लिए लोग घेरकर खड़े हो गए, उसी समय उन्हें गर्दन और पैर पर चोट लग गई, धक्का तो नहीं दिया, गाड़ी धीरे-धीरे चल रही थी.
इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी ने हमले को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है. वहीं निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से ममता पर हमले की रिपोर्ट तलब की है. सीईओ ने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी से फौरन मामले की तहकीकात कर रिपोर्ट देने को कहा है.
वहीं, ममता बनर्जी के चोट को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी ने ममता बनर्जी पर नाटक करने का आरोप लगाया. सीएम की सुरक्षा के दौरान इस तरह के हमले को लेकर बीजेपी ने दीदी पर निशाना साधा और इसे हार से पहले की हताशा बताया. इतना ही नहीं बीजेपी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग भी कर डाली.
इससे पहले कल ममता बनर्जी ने हल्दिया से अपना नामांकन भरा. ममता ने शिव मंदिर में पूजा की, जिसके बाद पदयात्रा करके वो नामांकन दाखिल करने पहुंची. दीदी ने नामांकन के बाद भी काली मंदिर में जाकर पूजा की. वहीं ममता के खिलाफ चुनाव लड़ रहे शुभेंदु अधिकारी ने कल नंदीग्राम में बीजेपी कार्यालय का उद्धाटन किया.