Kanpur कानपुर: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम स्थित मैक्स शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई। शुक्रवार को शोरूम के बेसमेंट में अचानक आग भड़क गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कानपुर अग्निशमन विभाग के सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 5 से 7 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने शोरूम में मौजूद 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
बेसमेंट से शुरू हुई आग
जानकारी के अनुसार, केशवपुरम स्थित मैक्स शोरूम में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने बेसमेंट के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही शोरूम कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलने की कोशिश की और मामले की जानकारी पुलिस एवं फायर विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया।
कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया
फायर विभाग की टीम ने शोरूम के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और अब कूलिंग का काम किया जा रहा है।
आग के कारणों की जांच जारी
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अग्निशमन विभाग की टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
इलाके में मचा था हड़कंप
शोरूम में आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र को खाली कराया गया और राहत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था भी संभाली गई।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Tags: