Kiev. कीव। यूक्रेन पर रूस के हमले जारी हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के अनुसार शुक्रवार रात कीव, जापोरिज्जिया, ओडेसा, सुमी और खार्किव क्षेत्रों में कई हमले किए गए। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ‘लिंडसे ओ. ग्राहम कानून’ लागू करने की अपील की है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हमलों से हुई तबाही की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि कई रिहायशी इमारतें प्रभावित हुई हैं। जापोरिज्जिया में दो लोगों की जान गई है। उन्होंने मृतकों के परिवारों और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जेलेंस्की के मुताबिक हमलों में नागरिक बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। कीव में एक किंडरगार्टन, कीव क्षेत्र में एक स्कूल और खार्किव में एक यूनिवर्सिटी प्रभावित हुई है। इसके अलावा पोल्टावा, मायकोलाइव और विनित्सिया क्षेत्रों में ऊर्जा से जुड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपने सहयोगी देशों से रूस के खिलाफ और कड़े कदम उठाने की अपील की। उन्होंने यूरोपीय नेताओं एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भी अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की मांग की।
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भी दावा किया कि मैकडॉनल्ड्स को सेवाएं देने वाले एक लॉजिस्टिक्स सेंटर पर दो हमले हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों से कारोबार, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय निवेश प्रभावित हो रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच जेलेंस्की ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से दबाव और प्रतिबंध बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि संयुक्त प्रयासों के जरिए शांति की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।