उदयपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, जबरन वसूली व मारपीट के आरोपी को किया गिरफ्तार
बड़ी खबर
Udaipur. उदयपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जोगिया उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जबरन वसूली और मारपीट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश गया है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी रोहिनी यादव के प्रभावी पर्यवेक्षण में की गई। थाना जोगिया उदयपुर की टीम ने थानाध्यक्ष मीरा चौहान के नेतृत्व में इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना जोगिया उदयपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 02/2026 के तहत धारा 308(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 3(1)द, 3(2)v अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित अभियुक्त को जोगिया चौराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पीड़ित से जबरन वसूली करने और उसके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप है। घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन कर आरोपों की पुष्टि की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राममोहन उर्फ मोहन यादव पुत्र ओमप्रकाश, निवासी जोगिया, थाना जोगिया उदयपुर, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मीरा चौहान, कांस्टेबल विकास सिंह तथा कांस्टेबल विरेंद्र यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अवैध कृत्य की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।