दो युवकों का अपहरण, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों को सुरक्षित छुड़ाया
Madhepura मधेपुरा: अपहरण की एक गंभीर वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का भी दावा किया है। जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र में मनोहर कुमार और करण कुमार का उस समय अपहरण कर लिया गया जब वे Madhepura Medical College से दवा और जांच रिपोर्ट लेकर अपने घर लौट रहे थे। परिजनों के पास आरोपियों ने मोबाइल फोन के जरिए फिरौती की मांग की।
मामले की शिकायत नौ मई को भर्राही थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी रामदत्त मेहता ने दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि अपहरणकर्ता फिरौती लेने के लिए मधेपुरा कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के पास आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर जैसे ही आरोपी ज्योतिष कुमार अपहृत करण कुमार को लेकर पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया और युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को किरण पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान से सुरक्षित बरामद किया गया। साथ ही एक अन्य आरोपी सोनू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित साथियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।