जामनगर। गुजरात के जामनगर में नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की उम्र करीब 65 वर्ष बताई जा रही है। मामला जामनगर सिटी बी डिवीजन पुलिस थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर और धमकाकर एक दुकान के अंदर उसके साथ यौन शोषण किया गया। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अगस्त महीने में पॉक्सो अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआती जांच में एक किशोर की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए।
जामनगर के डीएसपी जयवीर सिंह झाला ने बताया कि जांच के दौरान यूनुस इलियास चमाडिया और बशीर नूर मोहम्मद जोखिया की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी यूनुस अपने इलाके में दुकान चलाता है, जबकि दूसरा आरोपी बशीर पीड़िता के परिवार का करीबी रिश्तेदार है। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 65 वर्ष है। पुलिस अब उनके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों पर नाबालिग को लालच देने और धमकाने के बाद उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप है। पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में जुटाए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले में अंतिम दोष निर्धारण अदालत द्वारा किया जाएगा।
Tags: