Delhi दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर हॉरमूज़ स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या हॉरमूज़ स्ट्रेट का नाम बदलकर ‘TRUMP STRAIT’ कर देना चाहिए। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है और हॉरमूज़ जलडमरूमध्य को लेकर सैन्य एवं रणनीतिक गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या कहा?
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अब जबकि यह क्षेत्र अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या हॉरमूज़ स्ट्रेट का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ कर देना चाहिए? उन्होंने आगे अमेरिका का जिक्र करते हुए इसे ‘हॉट्टर’ नाम बताया। ट्रंप की इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तुरंत चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, ट्रंप की पोस्ट में नाम बदलने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने इसे सवाल के तौर पर रखा है। इसलिए फिलहाल हॉरमूज़ स्ट्रेट का आधिकारिक नाम वही है।
दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में शामिल
हॉरमूज़ स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल कारोबार के लिहाज से इसकी रणनीतिक अहमियत बेहद ज्यादा है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल की कीमतों पर असर डाल सकता है।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच आया बयान
ट्रंप का यह बयान अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव के बीच सामने आया है। हॉरमूज़ स्ट्रेट को लेकर ट्रंप पहले भी अमेरिका की भूमिका को लेकर कई कड़े बयान दे चुके हैं। जुलाई में उन्होंने कहा था कि अमेरिका इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग का ‘गार्जियन’ होगा और इसके लिए दूसरे देशों से भुगतान की बात भी कही थी।
ट्रंप इससे पहले भौगोलिक स्थानों के नाम बदलने को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। ऐसे में हॉरमूज़ का नाम ‘ट्रंप स्ट्रेट’ करने का उनका ताजा सुझाव एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बहस का मुद्दा बन गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी प्रशासन इस नाम को आधिकारिक रूप से बदलने की दिशा में कोई कदम उठाएगा या ट्रंप की टिप्पणी केवल राजनीतिक और प्रतीकात्मक बयान तक सीमित रहेगी।
Tags: