यूपी। योगी सरकार ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने नोएडा, सीतापुर, इटावा, बस्ती सहित कई जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बदल दिए हैं। इनमें से अधिकांश सीएमओ को शिकायतों के आधार पर हटाया गया है।

कुछ के खिलाफ वहां के जिलाधिकारी तो कइयों को लेकर मंडलायुक्त ने शासन को रिपोर्ट भेजी थी। हटाए गए कुछ चिकित्साधिकारियों को नई तैनाती दे दी गई। इस संबंध में शुक्रवार को शासन के विशेष सचिव धीरेंद्र सचान ने आदेश जारी कर दिया।

प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड के चिकित्साधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इटावा के सीएमओ डा. गीताराम को स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक बनाया गया है। बस्ती के सीएमओ डा. रमाशंकर दुबे को मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय प्रयागराज और बांदा के सीएमओ डा. अनिल कुमार श्रीवास्तव को जिला चिकित्सालय बदायूं में वरिष्ठ परामर्शदाता बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के एसीएमओ डा. ब्रजेंद्र कुमार सिंह को इटावा, बरेली के एसीएमओ डा. डा. सुरेश कुमार को सीतापुर, मुजफ्फरनगर के एसीएमओ डा राजीव निगम को बस्ती, मुरादाबाद के एसीएमओ डा. सुनील कुमार दोहरे को बुलंदशहर का सीएमओ बनाया गया है।

Tags: