नाग पंचमी पर दर्दनाक हादसा, पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत
नाग पंचमी हादसा
Gorakhpur गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में नाग पंचमी के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। बांसगांव थाना क्षेत्र के बदौली बाबू गांव में पुतली पीटने की पारंपरिक रस्म के दौरान पोखरे में नहाने उतरे तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। जानकारी के मुताबिक नाग पंचमी के अवसर पर बदौली बाबू गांव में बच्चे और ग्रामीण पोखरे के पास पुतली पीटने की रस्म के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे पोखरे में नहाने उतर गए। नहाते समय 11 वर्षीय हरीश पुत्र राधेश्याम यादव, 14 वर्षीय सचिन पुत्र भजुराम और 9 वर्षीय अनुज पुत्र सत्य प्रकाश गहरे पानी में चले गए। तीनों को डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह उन्हें बचाने के लिए पोखरे में उतर गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर काफी देर तक पानी में बच्चों की तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार सुशील कुमार भारतीय, नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला और अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी ली। बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान भी गांव पहुंचे और मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
हादसे में जान गंवाने वाला नौ वर्षीय अनुज कक्षा तीन का छात्र था। उसका बड़ा भाई अनूप करीब 14 वर्ष का है और कक्षा आठ में पढ़ता है। अनुज के पिता गुजरात में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हरीश और सचिन के परिवारों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। जिस गांव में नाग पंचमी के पर्व को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं। तीन बच्चों की एक साथ मौत से पूरे बदौली बाबू गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद पोखरे के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन ने हादसे से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई है। नाग पंचमी जैसे पर्व के दिन हुई इस घटना ने तीन परिवारों को गहरा सदमा दिया है। गांव के लोग भी हादसे से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।