West Bengal पश्चिम बंगाल। हावड़ा शहर में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। हावड़ा नगर निगम से सटी एक बहुमंजिला ट्रेड सेंटर इमारत से भारी लोहे की रॉड गिरने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। हादसे में टोपी व्यापारी शेख इरफान और उनके साथी खोकन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर उस समय हुई जब ट्रेड सेंटर की ऊपरी मंजिल पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। सीढ़ियों के पास लोहे की रॉड को वेल्ड किया जा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से एक भारी रॉड नीचे गिर गई। उस वक्त इमारत के नीचे कई लोग मौजूद थे। दुर्भाग्यवश, रॉड सीधे शेख इरफान और खोकन के सिर पर आ गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय मंगलाहाट इलाके में बाजार लगा हुआ था और दोनों मृतक अपना सामान रखने के लिए ट्रेड सेंटर पहुंचे थे। रॉड गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत हावड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हावड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जब इमारत की छत पर पहुंची तो वहां लोहे की रॉड, वेल्डिंग उपकरण और अन्य निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी मिली।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इमारत में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। न तो सेफ्टी नेट लगाया गया था और न ही नीचे से लोगों को हटाने की कोई व्यवस्था की गई थी। मृतक के परिजनों ने भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदार और इमारत प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: