जंगल सफारी में बाघ का हमला, गाइड ने बचाई पर्यटकों की जान

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Update: 2025-11-02 15:00 GMT
उत्तर प्रदेशनए पर्यटन सीजन की शुरुआत में ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) में रोमांच और दहशत का माहौल देखने को मिला। शनिवार को जंगल सफारी के पहले दिन एक पर्यटक वाहन पर बाघ ने हमला कर दिया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना चूका बीच इलाके के पास हुई, जहां पर्यटकों से भरी एक जीप पर बाघ अचानक झपट पड़ा। पूरनपुर निवासी नितिन खंडेलवाल अपने परिवार और रिश्तेदारों सहित कुल 14 लोगों के साथ जंगल सफारी पर गए थे। सभी लोग बाघ को कैमरे में कैद करने के उत्साह में वाहन से जंगल के अंदर जा रहे थे। चूका बीच से करीब 150 मीटर आगे बढ़ते ही झाड़ियों में एक विशाल बाघ दिखाई दिया। चालक ने वाहन रोक दिया ताकि पर्यटक फोटो और वीडियो ले सकें, लेकिन कुछ ही सेकंड में बाघ झाड़ियों से निकलकर जीप की ओर झपटा। 

नितिन खंडेलवाल ने बताया, “हमने सोचा कि बाघ दूर चला जाएगा, लेकिन उसने अचानक पीछे से हमला कर दिया। बाघ के पंजे की आवाज और दहाड़ से सबके होश उड़ गए। उस वक्त लगा कि अब जान बचाना मुश्किल होगा। सौभाग्य से चालक ने फौरन गाड़ी स्टार्ट कर तेज रफ्तार में भगा दी, जिससे बाघ का पंजा केवल वाहन के पीछे के हिस्से को छू पाया। सभी सैलानी सुरक्षित लौट आए, हालांकि कई देर तक सभी दहशत में रहे। पीटीआर प्रशासन के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुई थी। अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की गई। वन विभाग ने बयान जारी करते हुए कहा कि पर्यटकों को जंगल सफारी के दौरान निर्धारित नियमों और गाइड की सलाह का कड़ाई से पालन करना चाहिए। बाघ स्वभाव से जंगली और अप्रत्याशित होते हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में वाहन से बाहर झुककर फोटो या वीडियो नहीं लेना चाहिए। 

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर ने कहा, “हमारे लिए पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गाइड्स और ड्राइवरों को लगातार प्रशिक्षित किया जाता है ताकि ऐसी स्थिति में वे तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें। सभी वाहनों में सुरक्षा दूरी बनाए रखने और आपात स्थिति में रूट बदलने के निर्देश दिए गए हैं। यह घटना जहां एक ओर पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव बन गई, वहीं यह भी याद दिलाती है कि जंगल सफारी में हर पल जोखिम भरा हो सकता है। यह सौभाग्य ही था कि चालक की त्वरित प्रतिक्रिया ने सभी की जान बचा ली। फिलहाल वन विभाग ने वीडियो का विश्लेषण शुरू किया है और अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा रहा है।
Tags:    

Similar News