60-60 लाख लगाकर तीन महिलाओं ने बनाई ‘हनुमान अंश’, 300 करोड़ के पार पहुंची कमाई
Mumbai मुंबई। कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सरप्राइज हिट बनकर उभरी है। करीब 1.8 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार फिल्म ने रिलीज के 41वें दिन दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया। फिल्म की सफलता के साथ इसकी तीन महिला प्रोड्यूसर्स नम्रता जी सिंह, रागिनी सोना और अनुप्रिया नागर भी चर्चा में हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीनों महिला प्रोड्यूसर्स ने फिल्म के लिए करीब 60-60 लाख रुपये का निवेश किया था। अनुप्रिया नागर ने बताया है कि उन्होंने कुल निवेश का करीब एक-तिहाई हिस्सा लगाया था। वह फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान प्रोजेक्ट से जुड़ी थीं, जब एडिटिंग और दूसरे कामों के लिए फंड की जरूरत थी।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित आध्यात्मिक फिल्म है। फिल्म ने शुरुआती दौर में सीमित प्रदर्शन के बाद दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई। सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ के चलते इसके शो बढ़े और कमाई में लगातार उछाल देखने को मिला।
41 दिनों के बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 300.11 करोड़ रुपये बताया गया। इसमें भारत से 279.86 करोड़ रुपये ग्रॉस और विदेशी बाजार से 20.25 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। फिल्म की सफलता के बाद इसके डिजिटल अधिकारों को लेकर भी दिलचस्पी बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, तीन OTT प्लेटफॉर्म ने फिल्म में रुचि दिखाई है। मेकर्स इसे आगे एक ट्रायलॉजी के रूप में विकसित करने की योजना भी बना रहे हैं।