धनबाद: धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल है. जब लोगों को पता चला तो बच्चों को तालाब से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
मामला धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड का है. तीनों बच्चे शुक्रवार को पास के तालाब में नहाने के लिए गए थे. परिजनों के अनुसार, तीनों अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे. नहाने के दौरान अचानक एक बच्ची गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी.
बच्ची को मुश्किल में देखकर उसके साथ मौजूद बाकी दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वे भी गहरे पानी में चले गए. देखते ही देखते तीनों बच्चे तालाब में डूब गए. आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों बच्चों की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया.
परिजन विशाल कुमार ने बताया कि तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे. शुक्रवार को भी वे तालाब में नहाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों बच्चे भी हादसे का शिकार हो गए.
तीन बच्चों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में भी मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और घटना की जांच शुरू कर दी है. एक साथ तीन बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
Tags: