जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास पहुंचे और नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। जानकारी के अनुसार, चेगायडीह गांव निवासी जमीसुद्दीन अंसारी का 5 वर्षीय बेटा आर्यन अंसारी, सजाउद्दीन अंसारी का 6 वर्षीय बेटा सोहेल अंसारी और तबारक अंसारी का 6 वर्षीय बेटा नासिर अंसारी मंगलवार दोपहर स्कूल से अपने-अपने घर लौटे थे। कुछ समय बाद तीनों खेलने के लिए घर से बाहर निकल गए।
खेलते-खेलते वे गांव के पास स्थित एक तालाब तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे तालाब में उतरकर नहाने लगे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे तुरंत तालाब की ओर दौड़े और बच्चों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। तीनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली और तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक साथ तीन मासूमों की मौत ने पूरे चेगायडीह गांव को सदमे में डाल दिया है। जिन घरों में कुछ समय पहले तक बच्चों की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
झारखंड में जलस्रोतों में डूबने की ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। करीब एक सप्ताह पहले पलामू जिले में भी कोयल नदी में करम पर्व की सामग्री विसर्जित करने के दौरान पांच बच्चों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने तालाब, नदी और अन्य जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जामताड़ा की इस घटना में तीन परिवारों ने अपने मासूम बच्चों को खो दिया।
Tags: