Patna पटना। बिहार के नवादा जिले में पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान डीजे संगीत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद तीन भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवनपुरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप मांझी के घर बेटी के जन्म के बाद छठी की रस्म का आयोजन किया गया था। परिवार की ओर से दावत, संगीत और नाच-गाने की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
परिजनों के मुताबिक, एक युवक काफी देर से डीजे की धुन पर नाच रहा था। परिवार के लोगों ने उससे पहले खाना खाने और बाद में डांस करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने संदीप कुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। संदीप को बचाने के लिए उनके दो भाई सूरज कुमार और प्रदीप मांझी आगे आए तो उन पर भी हमला किया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार और आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया। इलाज के दौरान मंगलवार को संदीप कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवनपुरा गांव निवासी भोला मांझी के बेटे संदीप कुमार के रूप में हुई है। उनके भाइयों सूरज कुमार और प्रदीप मांझी को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है।
संदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खुशियों के लिए आयोजित छठी का कार्यक्रम अचानक मातम में बदल गया। घटना के बाद गांव में भी तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू की और हमले में कथित रूप से शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। संदीप कुमार के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और गिरफ्तार आरोपियों की घटना में क्या भूमिका रही। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: