सीरियल चोरी गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी, नकदी और हथियार बरामद
पुलिस की बड़ी सफलता
Bihar बिहार: मोतिहारी जिले में पुलिस ने घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, दो देसी कट्टे, जिंदा कारतूस, चोरी किए गए पीतल के बर्तन और करीब 50 अन्य चोरी के सामान शामिल हैं।
डीएसपी सदर-2 जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चेत मेशी निवासी अनिल साह के पुत्र संभो साह, भरानंदर साह और दिघारी थाना क्षेत्र के निवासी जगन्नाथ साह के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनसे मिली जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बरामद किए गए आभूषण, नकदी और अन्य सामान विभिन्न चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी इस नेटवर्क में शामिल हैं या नहीं।
तलाशी के दौरान दो देसी कट्टे और जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस अब आरोपियों के हथियारों के स्रोत की भी जांच कर रही है। बरामद सामान की पहचान कराने और उसे उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।