पति और बेटे की हत्या का डर दिखाया, अनोखी लूट

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-06-24 03:25 GMT

कानपुर। कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां बाइक सवार शातिरों ने रविवार रात पैदल जा रही एक महिला को रोका और मोबाइल पर उसे पति-बेटे की फोटो दिखाकर कहा कि दोनों हमारे कब्जे में हैं। दोनों की हत्या की धमकी देकर महिला का मंगलसूत्र और 600 रुपये लूट लिए। शातिरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका, उन्होंने चाकू की नोक पर महिला को बाइक पर बैठाया और उसके घर तक जा पहुंचे। पति और बेटे का गला काटने की धमकी देकर घर में रखे लाखों के जेवरात मंगवा लिए और लेकर फरार हो गए।

ये घटना गुजैनी का है। जहां नए तरीके से हुई लूट ने दक्षिण क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। रविदासपुरम के रहने वाले सुरेश कुमार स्कूली वैन चलाते हैं। परिवार में पत्नी बिंदन देवी और चार बच्चे हैं। बिंदन ने बताया कि रविवार शाम वह बर्रा-आठ में रहने वाली ननद श्यामापति के घर गई थी। रात करीब 9 बजे लौटते वक्त गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने बहाने से उसे रोका। उनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे युवक ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। शातिरों ने मोबाइल से पति व बेटे की तस्वीर दिखाकर कहा कि दोनों उनकी गिरफ्त में हैं। मंगलसूत्र की ओर इशारा करते हुए देने को कहा। मना करने पर पति और बेटे की हत्या की धमकी दी तो दहशत में आकर मंगलसूत्र और रुपये पकड़ा दिए।

चाकू दिखाकर जबरन उसे बाइक पर बैठाया और घर के पास ले जाकर सारे जेवरात लाने को कहा। घर पहुंची तो पति को न देखकर वह और घबरा गई। इसके बाद सोने-चांदी के सारे जेवरात लाकर उन्हें थमा दिया। थोड़ी देर बाद जब पति सुरेश और बच्चे घर लौटे तो घटना बताई। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बिंदन ने बताया कि शातिरों के साथ जब वह घर पहुंची तो पति को न देखकर दहशत में आ गई। बच्चे भी कहीं बाहर गए थे तो वह और घबरा गई। यह बात भी बार-बार परेशान कर रही थी कि शातिरों के पास उनके पति और बेटे की फोटो कहां से आ गई। इस वजह से उसे लगा कि पति और बेटे उनके कब्जे में हैं। इसी दहशत में आकर उसने जितने भी जेवरात थे, सारे लाकर थमा दिए। शातिरों ने महिला को उसके पति और बेटे की फोटो दिखाई थी। यह फोटो उनके पास कैसे पहुंचा इस पर सवाल खड़ा होता है। ऐसे में आशंका है कि आरोपी महिला को कहीं न कहीं से जानते होंगे। तभी उन्होंने अपने चेहरे भी ढंक रखे थे। पुलिस इस दिशा में भी काम कर रही है। फुटेज जुटाने के बाद आरोपियों की कद-काठी वाले बिंदन के करीबियों से भी पूछताछ की जा सकती है।

Tags:    

Similar News