'यह बहुत बड़ी चूक है', वंदे भारत के खाने में बोल्ट मिलने पर भड़का यात्री, X पर शेयर किया वीडियो
देखें वीडियो.
सांकेतिक तस्वीर (AI)
नई दिल्ली: ट्रेनों में मिलने वाले IRCTC के खाने की गुणवत्ता पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। अब वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री के खाने में लोहे का बोल्ट मिला।
यात्री ने इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया और IRCTC से शिकायत की। पोस्ट होते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इस घटना के बाद भारतीय रेलवे में खाने की क्वालिटी और सुरक्षा मानकों को लेकर फिर से चिंता जताई जा रही है।
मामला शनिवार, 28 नवंबर को सामने आया। यात्री समर्थ कोडियाल ने X पर खाने का वीडियो और तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में दो हिस्सों में टूटा एक वड़ा दिख रहा है और उसके पास धातु का एक बड़ा बोल्ट रखा है।
कोडियाल ने इसे खाने की गुणवत्ता में बड़ी लापरवाही बताया और रेलवे अधिकारियों से जांच की मांग की। पोस्ट में संबंधित रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि आज बेंगलुरु से बेलगावी के सफर के दौरान वंदे भारत के खाने में दिए गए वड़े में एक बड़ा बोल्ट निकला। उन्होंने इसे खाने की क्वालिटी में बहुत बड़ी चूक बताया और अधिकारियों से मामले पर ध्यान देने को कहा।
यात्री की पोस्ट पर जवाब देते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने माफी मांगी। IRCTC ने यात्री को हुई परेशानी पर खेद जताया। उसने बताया कि कैटरिंग सेवा के जिम्मेदार सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई है। IRCTC ने यह भी कहा कि किचन स्टाफ को तय स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOPs) का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों से किचन यूनिट की गहन जांच करने को कहा गया है। उन्हें यह पक्का करना होगा कि खाना बनाने से पहले सभी उपकरणों की ठीक से जांच हो। इन कदमों का मकसद भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।