Kangra. कांगड़ा। मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण कार्य के चलते 3 नवंबर की रात 11 बजे से 4 नवंबर की सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि इस दौरान एनएच, विद्युत विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। लोगों से इस अवधि में जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सडक़ का वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करने की अपील की गई है। चार नवंबर को सुबह 7 बजे के बाद पुल पर दिन भर वन-वे यातायात व्यवस्था रहेगी। निर्माण एवं विद्युत लाइन के कार्य के चलते मटौर, घुरकड़ी, बगली रोड, ओल्ड मटौर, मटौर चौक और कोहाला में 3 नवंबर रात 7 बजे से 4 नवंबर सुबह 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एसडीएम ने बताया कि घट्टा टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक पास की राशि 1500 रुपए निर्धारित की गई है, जबकि अन्य वाहन चालकों के लिए यह राशि 3075 रुपए रहेगी। स्थानीय लोग टोल प्लाजा पर पास बनवा सकते हैं। जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप से भी यह सुविधा मिलेगी। एसडीएम ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पटाखा विक्रेताओं को केवल निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए। बिना अनुमति अन्य स्थानों पर बिक्री करने वालों के चालान होंगे। साथ ही मिठाई और डेयरी विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने तथा मिलावट से बचने की अपील की।