खाटू श्याम मंदिर को निशाना बनाने वाले चोर पुलिस के हत्थे चढ़े
जानें पूरा मामला.
करनाल: करनाल में मंदिरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. सावन में जब मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी थी, उसी दौरान चोरों ने भगवान के चांदी के मुकुट ही गायब कर दिए. इससे पहले खाटू श्याम मंदिर में दानपात्र काटकर हजारों रुपये भी उड़ा चुके थे. CIA-3 पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि इनके पास से चोरी किए गए चांदी के मुकुट और नकदी बरामद कर ली गई है.
कहानी करनाल के सेक्टर-9 इलाके की है. यहां श्री शिव सनातन मंदिर में चोरों ने सेंध लगाई. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मंदिर से भगवान के करीब 4 किलो चांदी के मुकुट चोरी कर लिए. मंदिर में चोरी की खबर सामने आते ही पुलिस एक्टिव हुई. जांच शुरू हुई और CCTV फुटेज खंगाली गई. यहीं से पुलिस को चोरों तक पहुंचने का रास्ता मिला.
पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि ये कोई पहली वारदात नहीं थी. आरोप है कि इन्हीं चोरों ने इससे पहले सदर बाजार इलाके के खाटू श्याम मंदिर को निशाना बनाया था. यहां उन्होंने दानपात्र को काटा और उसमें रखी करीब 70 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए. इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया था.
दोनों मंदिरों में हुई चोरी के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज को खंगालना शुरू किया. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की पहचान के बारे में सुराग मिला. इसके बाद CIA-3 की टीम ने करनाल के रहने वाले वजीरा और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, वजीरा पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है. यानी पुलिस के रिकॉर्ड में नाम नया नहीं था.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि उनके पास से शिव मंदिर से चोरी किए गए चांदी के मुकुट बरामद कर लिए गए हैं. खाटू श्याम मंदिर से चोरी की गई नकदी में से करीब 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं. CIA-3 के जांच अधिकारी राजीव के मुताबिक, दोनों आरोपी करनाल के ही रहने वाले हैं और दोनों वारदातों में शामिल थे.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी. रिमांड खत्म होने के बाद दोनों का मेडिकल कराया गया. फिर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इसके बाद दोनों को जिला जेल भेज दिया गया.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों ने करनाल और आसपास के इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. क्योंकि जिस तरह दोनों ने पहले खाटू श्याम मंदिर के दानपात्र को निशाना बनाया और फिर सावन में शिव मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट चोरी किए, उससे पुलिस को इनके पुराने मामलों की भी कड़ियां जोड़ने की उम्मीद है.