अफसरों के बीच हुई हाथापाई, इनकम टैक्स दफ्तर बना अखाड़ा

पढ़े पूरी खबर

Update: 2025-05-30 02:08 GMT

यूपी। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज नरही स्थित इनकम टैक्स ऑफिस में गुरुवार शाम दो आईआरएस अफसरों में मारपीट से हड़कंप मच गया। इसमें एक अधिकारी को सिर-चेहरे पर चोटें आईं हैं। आरोप है कि ज्वाइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने हाथापाई के दौरान उपायुक्त मुख्यालय गौरव गर्ग पर गिलास फेंका।

इससे उनके सिर पर चोट आई और होंठ कट गया। उपायुक्त को सिविल अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि आरटीआई के बारे में पूछने पर विवाद हुआ। एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि गौरव गर्ग ने योगेंद्र मिश्रा पर जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2016 बैच के आईआरएस अधिकारी गौरव गर्ग गुरुवार शाम आयकर भवन के छठे तल पर एक वरिष्ठ अधिकारी के कमरे में 2014 बैच के आईआरएस अधिकारी संयुक्त आयुक्त योगेंद्र मिश्रा के साथ बैठे थे। यहां एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक किसी आरटीआई को लेकर गौरव गर्ग और संयुक्त आयुक्त के बीच कहासुनी होने लगी। वरिष्ठ अधिकारी ने हस्तक्षेप किया लेकिन तब तक बात बढ़ चुकी थी। दोनों के बीच तेज आवाज में कहासुनी के बीच मारपीट होने लगी।

आरोप है कि संयुक्त आयुक्त ने पानी से भरा गिलास फेंककर मारा। हाथापाई के दौरान उनकी अंगूठी गौरव गर्ग के चेहरे पर लग गई। हल्ला मचने पर कर्मचारी भी पहुंचे। किसी के कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि वरिष्ठ अधिकारियों के विवाद को कैसे शांत कराया जाए। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी का दरवाजा खुलवाकर दूसरे अधिकारी कमरे में पहुंचे तो मारपीट हो रही थी। इसमें गौरव के चेहरे, सिर और हाथ पर चोट थी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया। सूचना हजरतगंज पुलिस को दी गई। उपायुक्त की पत्नी आईपीएस अफसर रवीना त्यागी लखनऊ में ही डीसीपी इंटेलीजेंस के पद पर तैनात हैं।

Tags:    

Similar News

null